www.sursaanjh.com > ਅੰਤਰਰਾਸ਼ਟਰੀ > शिक्षा के माध्यम से सिख नौजवान पीढ़ी का उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए डीएसजीएमसी की बड़ी पहल : हरमीत सिंह कालका

शिक्षा के माध्यम से सिख नौजवान पीढ़ी का उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए डीएसजीएमसी की बड़ी पहल : हरमीत सिंह कालका

Chandigarh (sursaanjh.com bureau), 10 February:
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा के माध्यम से सिख कौम की नौजवान पीढ़ी का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमृतधारी गुरसिख परिवारों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के तहत अब अमृतधारी गुरसिख परिवारों के बच्चों को स्कूलों और कॉलेजों में बिना किसी फीस के शिक्षा की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। हरमीत सिंह कालका ने समस्त संगत से अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर सिख कौम के बच्चों का हाथ थामें और उन्हें उच्च गुणवत्ता की शिक्षा दिलवाएं, ताकि वे देश और सिख कौम की भलाई के लिए एक सुंदर, सुव्यवस्थित और स्वस्थ समाज के निर्माण में अमूल्य योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को डीएसजीएमसी द्वारा यह घोषणा की गई, कि दिल्ली में रहने वाले सभी अमृतधारी परिवारों के जो बच्चे स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ रहे हैं, उनकी शिक्षा का खर्च दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा वहन किया जाएगा।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अमृतधारी परिवार डीएसजी एमसी को आवेदन पत्र दे सकते हैं। हरमीत सिंह कालका ने कहा कि डीएसजीएमसी का मुख्य उद्देश्य यह है कि हमारे बच्चे नशों से दूर रहें, गुरु के मार्ग पर चलें और उनकी शिक्षा की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने आगे बताया कि खालसा साजना दिवस के शुभ अवसर पर 13 अप्रैल को गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब स्थित भाई लखी शाह वंजारा हॉल में एक विशाल अमृत संचार समागम आयोजित किया जाएगा। इस समागम के दौरान जो बच्चे और परिवार अभी तक अमृतधारी नहीं बने हैं, वे खंडे-बाटे की पाहुल छककर गुरु के मार्ग पर आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो परिवार इस मुफ्त शिक्षा सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं, वे डीएसजी एमसी के गुरुद्वारों में अपने नाम दर्ज करवा सकते हैं, ताकि अमृतधारी परिवारों के बच्चे मुफ्त शिक्षा की इस महत्वपूर्ण सुविधा का पूरा लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *