www.sursaanjh.com > ਅੰਤਰਰਾਸ਼ਟਰੀ > डॉक्टर कैलाश अहलूवालिया स्मृति सम्मान 2023/24 के समारोह का आयोजन 1 मार्च 2025 को सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी में दुपहर 2.30 से पांच बजे तक होगा – विजय कपूर

डॉक्टर कैलाश अहलूवालिया स्मृति सम्मान 2023/24 के समारोह का आयोजन 1 मार्च 2025 को सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी में दुपहर 2.30 से पांच बजे तक होगा – विजय कपूर

Chandigarh (sursaanjh.com bureau), 17 Feburary:
साहित्यकार, शिक्षाविद् और रंगकर्मी डॉक्टर कैलाश अहलूवालिया की स्मृति में स्थापित हिंदी साहित्य की काव्य और कहानी विधा के लिए 2023/24 की पुस्तकों पर पहले डॉक्टर कैलाश अहलूवालिया स्मृति सम्मान का आयोजन अभिव्यक्ति, सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी और सृष्टि प्रकाशन के संयुक्त तत्वाधान में  होगा।  हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को प्रोत्साहन और मान्यता देने के उद्देश्य से यह पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।  इस वर्ष पुरस्कारों के चयन के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया, जिसमें साहित्य, अकादमिक जगत के प्रतिष्ठित विद्वान शामिल थे। उनकी गहन समीक्षा और विचार-विमर्श के बाद निम्नलिखित साहित्यकारों और कृतियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।
काव्य विधा के लिए प्रथम पुरस्कार डॉक्टर प्रियंका भारद्वाज को उनकी पुस्तक  “आसमान में धान” को दिया जाएगा। डॉक्टर प्रियंका पेशे से सरकारी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर और जानी-मानी उभरती हुई कवि हैं। द्वितीय पुरस्कार डॉक्टर निर्मल सूद को उनकी पुस्तक “शब्दों के परिंदे” को दिया जाएगा। डॉक्टर निर्मल सूद सरकारी कॉलेज की रिटायर्ड प्रिंसिपल और जानी मानी कवि हैं। तृतीय पुरस्कार केंद्रीय सरकार से सेवा निवृत अधिकारी, कवि मंजीत शर्मा को उनके संग्रह “ऐसे गीत सुनाने होंगे” के लिए दिया जाएगा।
कहानी विधा में  प्रथम पुरस्कार कहानीकार, कवि और डेंटल सरजन डॉक्टर विमल कालिया “विमल” को उनके कहानी संग्रह “हां, मैं औरत” के लिए  दिया जाएगा।
द्वितीय पुरस्कार कवि, व्यंग्यकार, कहानीकार और पंजाब एवं हरियाणा हाइकोर्ट में सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत अश्वनी भीम को उनके कहानी संग्रह “बहन कहती थी” के लिए दिया जाएगा। तृतीय पुरस्कार, बैंकिंग सेवा से निवृत अधिकारी, कवि और कहानीकार नीरू मित्तल “नीर ” को उनके कहानी संग्रह “कोहरे से झांकती धूप” के लिए दिया जाएगा।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे भारत के जाने माने वरिष्ठ कवि और शिक्षाविद प्रोफेसर कुमार कृष्ण। इसमें विजेताओं को नगद पुरस्कार और अवॉर्ड सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। इस अवसर पर साहित्यिक जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान काव्य गोष्ठी और कहानी पाठ का भी आयोजन होगा। संयोजन और संचालन संस्था के निदेशक साहित्यकार और रंगकर्मी विजय कपूर करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *